| News Details |
Awareness Program on Students Suicide Prevention and Mental Health
Posted on 22/08/2026
मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए आवश्यक : डॉ. विनय गुप्ता
जीवन अनमोल है आत्महत्या नहीं समाधान—विद्यार्थियों को किया जागरूक
राजकीय महाविद्यालय राजौंद में राष्ट्रीय कार्यबल विद्यार्थी मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम के अंतर्गत विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से माइंड मैटर्स—मानसिक स्वास्थ्य एवं विद्यार्थी कल्याण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. विनय गुप्ता, सिविल अस्पताल, कैथल रहे उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य तनाव प्रबंधन भावनात्मक संतुलन तथा व्यक्तिगत समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं एवं मानसिक स्थिति को समझने तथा किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी होने पर उसे नजरअंदाज न करने के लिए प्रेरित किया
डॉ. गुप्ता ने विद्यार्थियों को तनावपूर्ण परिस्थितियों में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने अपनी समस्याओं को विश्वसनीय व्यक्ति के साथ साझा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता एवं परामर्श लेने के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही महत्वपूर्ण है और समय पर सहायता प्राप्त करना कमजोरी नहीं, बल्कि समझदारी और आत्म-जागरूकता का परिचायक है
कार्यक्रम कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. रोहताश के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को उनकी शिक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें मानसिक एवं भावनात्मक रूप से भी सशक्त बनाना है
राष्ट्रीय कार्यबल के नोडल अधिकारी श्री राम मेहर सिंह ने कार्यक्रम का समन्वय किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा अपने सहपाठियों की भावनाओं और समस्याओं के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक रवैया अपनाने के लिए प्रेरित किया
इस अवसर पर श्री हंसराज सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की और मानसिक स्वास्थ्य एवं विद्यार्थी कल्याण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक सहयोग और आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि अपनी मानसिक एवं भावनात्मक समस्याओं पर खुलकर बात करना और समय पर सहायता लेना स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है
|